सड़क सुरक्षा माह का भव्य समापन, डीएम ने राहवीर और जागरूकता विजेताओं को किया सम्मानित
लखीमपुर खीरी, 31 जनवरी।
शासन के निर्देशानुसार जिले में जनवरी माह के दौरान संचालित सड़क सुरक्षा माह का समापन शुक्रवार को अटल सभागार में भव्य सम्मान समारोह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने की। इस अवसर पर सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले राहवीरों तथा विभिन्न जागरूकता प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

समारोह में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह एवं एएसपी पवन गौतम की उपस्थिति में राहवीर योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की जान बचाने वाले सुनील कुमार एवं अभिषेक को प्रमाण पत्र एवं धनराशि स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा स्तर पर आयोजित भाषण, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और सड़क सुरक्षा जागरूकता रील प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं 12 सड़क सुरक्षा मित्रों को हेलमेट एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं है, बल्कि यह जीवन बचाने की जिम्मेदारी है। राहवीर योजना उन नागरिकों को सम्मान देने का माध्यम है, जो बिना किसी स्वार्थ के संकट की घड़ी में घायल की मदद कर मानवता की मिसाल पेश करते हैं।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी परिवार को जीवनभर का दर्द दे सकती है। इसलिए हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा का पालन हर हाल में किया जाना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में डीएम ने उपस्थित सभी लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।

More Stories
स्वस्थ लखीमपुर की ओर कदम: सीएमओ ने प्रेस वार्ता में बताए चार बड़े स्वास्थ्य अभियान
बैतूल में महिला सशक्तिकरण की बड़ी पहल: 12 जनवरी को मेगा कैंपस ड्राइव, आईफोन निर्माता कंपनी फॉक्सकॉन में युवतियों को मिलेगा रोजगार का सुनहरा मौका
पीएम कौशल विकास योजना 4.0: युवाओं के सपनों को पंख, उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण से रोजगार और स्वरोजगार की नई राह