मतदाता सूची दुरुस्ती अभियान में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल का औचक निरीक्षण, बूथ पर पहुंचकर परखी हकीकत
लखीमपुर खीरी, 31 जनवरी।
मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान ने शनिवार को जिले भर में गति पकड़ ली। “विशेष अभियान दिवस” के अवसर पर आयोजित गतिविधियों की जमीनी हकीकत जानने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल स्वयं मैदान में उतरीं और विभिन्न मतदान स्थलों का औचक निरीक्षण किया।

डीएम ने डिप्टी डीईओ नरेंद्र बहादुर सिंह एवं ईआरओ/एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह के साथ क्रमशः स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज (भाग संख्या 300 से 305) तथा धर्म सभा इंटर कॉलेज (भाग संख्या 236 से 249) स्थित मतदान स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर की गई व्यवस्थाओं, मतदाता सहायता डेस्क और बीएलओ की कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम सीधे बीएलओ के हेल्प डेस्क पर पहुंचीं और फॉर्म-6, फॉर्म-8, संलग्न अभिलेखों तथा उनके निस्तारण की स्थिति को स्वयं परखा। उन्होंने बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की नींव है और इसकी शुद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने बीएलओ को सक्रिय संपर्क, डोर-टू-डोर जागरूकता और समयबद्ध निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

More Stories
स्वस्थ लखीमपुर की ओर कदम: सीएमओ ने प्रेस वार्ता में बताए चार बड़े स्वास्थ्य अभियान
बैतूल में महिला सशक्तिकरण की बड़ी पहल: 12 जनवरी को मेगा कैंपस ड्राइव, आईफोन निर्माता कंपनी फॉक्सकॉन में युवतियों को मिलेगा रोजगार का सुनहरा मौका
पीएम कौशल विकास योजना 4.0: युवाओं के सपनों को पंख, उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण से रोजगार और स्वरोजगार की नई राह