March 18, 2026

AajtakLive24/BreakingNews/HindiNews/TodayNews/LatestNews/

Aajtaklive24, Aajtak, Hindi News, Hindi Samacha, Breaking News, r

लखीमपुर खीरी में “नव निर्माण के नौ वर्ष” का भव्य उत्सव, विकास की झलक के साथ लाभार्थियों के चेहरे खिले

लखीमपुर खीरी में “नव निर्माण के नौ वर्ष” का भव्य उत्सव, विकास की झलक के साथ लाभार्थियों के चेहरे खिले

लखीमपुर खीरी, 18 मार्च। उत्तर प्रदेश में विकास और सुशासन के प्रतीक माने जा रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में “नव निर्माण के नौ वर्ष” पूरे होने के अवसर पर जनपद लखीमपुर खीरी में बुधवार को भव्य आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिला प्रशासन के तत्वावधान में 09 दिवसीय मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ, जिसने एक ओर जहां सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों को जनता के सामने प्रस्तुत किया, वहीं दूसरी ओर लाभार्थियों को सीधे योजनाओं का लाभ देकर उनके चेहरे खिलाए।

कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक योगेश वर्मा, विधायक विनोद शंकर अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और लाभार्थियों ने बड़ी उत्सुकता से देखा।

इससे पहले राजधानी लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी कलेक्ट्रेट परिसर में दिखाया गया, जिससे लोग सीधे मुख्यमंत्री के विचारों और योजनाओं से जुड़ सके। कार्यक्रम का सफल संचालन सीडीओ अभिषेक कुमार एवं उनकी टीम द्वारा किया गया, जिसकी सभी ने सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि प्रदेश में पिछले नौ वर्षों में जो विकास कार्य हुए हैं, वह अभूतपूर्व हैं। उन्होंने आमजन के अपार समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों के उत्थान, युवाओं को रोजगार, महिलाओं के सशक्तिकरण और परंपरागत उद्योगों को बढ़ावा देने के क्षेत्र में सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि “प्रदेश वही है, जनता वही है और सिस्टम भी वही है, लेकिन सरकार के बदलते ही विकास की गति और दिशा दोनों बदल गई हैं।”

विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी और बताया कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की नीतियों का सीधा असर आमजन के जीवन स्तर पर देखने को मिल रहा है।

भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज देश में कानून व्यवस्था और विकास का मॉडल बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज कानून का राज स्थापित है और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करता है। उन्होंने योजनावार आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि सरकार ने हर वर्ग के लिए योजनाएं बनाकर उन्हें प्रभावी तरीके से लागू किया है।

विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने भी सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग को नई दिशा मिली है। सरकार ने अंत्योदय के सिद्धांत को जमीन पर उतारते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है, जिससे समाज के हर वर्ग में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

इस अवसर पर आयोजित 09 दिवसीय मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और मौके पर ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सभी स्टॉलों का अवलोकन किया और विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाए।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के लिए चलाई जा रही योजनाओं को चित्रों और मॉडलों के माध्यम से दर्शाया गया है, जो लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना और उन्हें लाभ से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और आम नागरिक प्रदर्शनी का अवलोकन कर रहे हैं, जिससे उन्हें योजनाओं की बेहतर जानकारी मिल रही है।

कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ वितरित किए गए। 1140 स्वयं सहायता समूहों को 3 करोड़ 42 लाख रुपये का रिवॉल्विंग फंड प्रदान किया गया, जिससे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को नई गति मिलेगी। इसके अलावा आयुष्मान गोल्डन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत टूल किट, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की धनराशि तथा कृषि एवं उद्यान किट भी वितरित किए गए।

खादी ग्रामोद्योग विभाग द्वारा भी विभिन्न लाभार्थियों को फर्नीचर, दोना-पत्तल एवं शटरिंग ट्रेड से संबंधित सामग्री वितरित की गई। इन योजनाओं का लाभ पाकर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता, परियोजना निदेशक एसएन चौरसिया, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, डीसी एनआरएलएम जेके मिश्र, डीपीओ भारत प्रसाद सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

समग्र रूप से देखा जाए तो “नव निर्माण के नौ वर्ष” के इस आयोजन ने न केवल सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने प्रस्तुत किया, बल्कि यह भी साबित किया कि योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंच रहा है और उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।

Share करें