“किशोरियों के लिए सुरक्षा कवच: लखीमपुर खीरी में मुफ्त सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण की शुरुआत”
लखीमपुर खीरी। महिलाओं में तेजी से बढ़ रही गंभीर बीमारी सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जनपद में किशोरियों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए यह टीका 24 मार्च से लगाया जाएगा। इस अभियान के तहत हजारों किशोरियों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जिससे भविष्य में इस घातक बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि यह अभियान सरकार की प्राथमिकता में शामिल है, क्योंकि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है। उन्होंने बताया कि इस टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला महिला चिकित्सालय में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में किया जाएगा। इस दौरान सदर विधायक योगेश वर्मा, जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार भी मौजूद रहेंगे।
सीएमओ ने जानकारी दी कि जनपद को इस अभियान के लिए लगभग 12 हजार वैक्सीन उपलब्ध कराई गई हैं। इसको सफल बनाने के लिए डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों, एएनएम और पैरामेडिकल स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि टीकाकरण प्रक्रिया सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से हो सके।
उन्होंने बताया कि यह टीका किशोरियों को बाएं बाजू में इंट्रा मस्कुलर इंजेक्शन के रूप में लगाया जाएगा। खास बात यह है कि केवल एक डोज (0.5 एमएल) से ही सर्वाइकल कैंसर का खतरा लगभग 99 प्रतिशत तक कम हो जाता है। निजी अस्पतालों में यह वैक्सीन महंगी होती है, जहां इसके लिए लगभग 4200 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं, लेकिन सरकार इसे पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध करा रही है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रवि सिंह ने बताया कि टीकाकरण के लिए किशोरियों को पहले U-WIN Portal पर पंजीकरण करना अनिवार्य होगा। आधार कार्ड में दर्ज आयु के आधार पर पात्रता तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि पहले चरण में जिला अस्पताल में टीकाकरण होगा, जबकि दूसरे चरण में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने टीकाकरण के बाद बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी बताया। हल्का बुखार आने पर पैरासिटामोल ली जा सकती है, जबकि इंजेक्शन वाले स्थान पर दर्द होने पर बर्फ से सिकाई करनी चाहिए। टीका लगने के बाद आधे घंटे तक निगरानी में रखा जाएगा, जो पूरी तरह एहतियाती कदम है।
यह अभियान न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि किशोरियों और उनके परिवारों में जागरूकता बढ़ाने का भी माध्यम बनेगा। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक किशोरियां इस अभियान से जुड़ें और भविष्य में एक स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके।

More Stories
लखीमपुर खीरी में “नव निर्माण के नौ वर्ष” का भव्य उत्सव, विकास की झलक के साथ लाभार्थियों के चेहरे खिले
मनरेगा में बड़ा खेल? कागजों में 23 मजदूर, मौके पर मिला सिर्फ एक
भरतकूप को मिला आधुनिक थाना भवन, एडीजी ज्योति नारायण ने किया लोकार्पण