नीट से लेकर खाद-बीज संकट तक कांग्रेस का सरकार पर हमला, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की उठाई मांग
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय कोल ने प्रेस वार्ता में परीक्षा अनियमितता, राम मंदिर दान राशि, भूमि विवाद और किसानों की समस्याओं पर उठाए सवाल
उमरिया। जिला कांग्रेस कमेटी, उमरिया द्वारा पुराने बस स्टैंड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र एवं प्रदेश सरकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय कोल ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, अयोध्या राम मंदिर की दान राशि, सिंहस्थ क्षेत्र की भूमि खरीद, किसानों के खाद-बीज संकट सहित कई विषयों पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
नीट परीक्षा में अनियमितताओं पर उठाए सवाल
विजय कोल ने कहा कि नीट परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
राम मंदिर दान राशि मामले की जांच की मांग
प्रेस वार्ता में उन्होंने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की दान राशि से जुड़े कथित मामले का उल्लेख करते हुए इसकी उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की, ताकि पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने आ सके।
भूमि खरीद में अनियमितता का आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जुड़े सिंहस्थ/मेला क्षेत्र की भूमि खरीद में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
खाद-बीज संकट पर किसानों की आवाज उठाई
कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। विजय कोल ने कहा कि प्रदेश में किसान खाद और बीज के लिए परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर कूपन होने के बावजूद किसानों से निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूली जा रही है। उन्होंने सरकार से पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
जनहित के मुद्दों पर आंदोलन जारी रखने का ऐलान
विजय कोल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इन सभी जनहित के मुद्दों को जनता के बीच लगातार उठाती रहेगी और आम लोगों की आवाज को मजबूती से सरकार तक पहुंचाने का काम करेगी।