आयुष हत्याकांड: पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री योगी से की मुलाक़ात, सख्त कार्रवाई की मांग
चित्रकूट।
चर्चित आयुष हत्याकांड को लेकर पीड़ित परिवार न्याय की मांग के साथ राजधानी लखनऊ पहुंचा। मृतक आयुष के परिजन एवं कपड़ा व्यापारी अशोक केशरवानी सपरिवार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले और मामले की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्यमंत्री आवास पर हुई यह मुलाक़ात करीब 22 मिनट तक चली, जिसमें परिजनों ने हत्याकांड से जुड़े तथ्यों, पुलिस कार्रवाई और आगे की अपेक्षाओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। परिजनों ने मांग की कि इस मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए।

परिवार की ओर से एनकाउंटर में मारे गए अपहरणकर्ता कल्लू तथा घायल आरोपी इमरान के आवासों पर बुलडोजर कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई गई। साथ ही आरोपी इमरान के विरुद्ध शीघ्र मुकदमा चलाकर उसे कड़ी सजा दिलाने की भी अपील की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिजनों की बात गंभीरता से सुनी और उन्हें सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मामले में दोषियों के विरुद्ध कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।
मुलाक़ात के दौरान प्रदेश सरकार में मंत्री नंद गोपाल नंदी भी मौजूद रहे। उन्होंने भी परिजनों को आश्वस्त किया कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
गौरतलब है कि आयुष हत्याकांड को लेकर चित्रकूट जनपद समेत आसपास के क्षेत्रों में लोगों में आक्रोश व्याप्त है। मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाक़ात के बाद अब प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
— ब्यूरो रिपोर्ट
अवधेश शिवहरे

More Stories
भरतकूप को मिला आधुनिक थाना भवन, एडीजी ज्योति नारायण ने किया लोकार्पण
मेरठ में पीएम कार्यक्रम की तैयारियां तेज, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया स्थलीय निरीक्षण
जालौन में बोर्ड परीक्षा के पहले दिन डीएम का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा