स्वस्थ लखीमपुर की ओर कदम: सीएमओ ने प्रेस वार्ता में बताए चार बड़े स्वास्थ्य अभियान
लखीमपुर खीरी।
जिले को रोग-मुक्त बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने एक और मजबूत पहल की है। शनिवार को सीएमओ कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने फाइलेरिया, कृमि संक्रमण, खसरा-रूबेला और कुष्ठ रोग से संबंधित अभियानों की विस्तृत जानकारी मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई।
सीएमओ ने कहा कि इन अभियानों का उद्देश्य केवल बीमारी का इलाज नहीं, बल्कि रोकथाम के जरिए स्वस्थ समाज का निर्माण करना है। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत फरवरी 2026 में बांकेगंज ब्लॉक में विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर दवा खिलाएंगे ताकि कोई भी व्यक्ति इस गंभीर बीमारी की चपेट में न आए।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। 10 फरवरी को 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को एल्बेंडाजोल दवा दी जाएगी, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास में सुधार होगा।
सीएमओ ने एमआर टीकाकरण अभियान को बच्चों के भविष्य से जोड़ते हुए कहा कि खसरा और रूबेला जैसी बीमारियां टीकाकरण से पूरी तरह रोकी जा सकती हैं। 16 से 27 फरवरी तक यह अभियान चलाया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम पर कहा कि आज के समय में कुष्ठ कोई लाइलाज बीमारी नहीं है। सही समय पर इलाज से यह पूरी तरह ठीक हो सकता है।
प्रेस वार्ता में स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सीएमओ ने अंत में आमजन से अपील की कि वे स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें और स्वयं व अपने परिवार को सुरक्षित रखने में भागीदार बनें।

More Stories
मनरेगा में बड़ा खेल? कागजों में 23 मजदूर, मौके पर मिला सिर्फ एक
भरतकूप को मिला आधुनिक थाना भवन, एडीजी ज्योति नारायण ने किया लोकार्पण
मेरठ में पीएम कार्यक्रम की तैयारियां तेज, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया स्थलीय निरीक्षण