WhatsApp Image 2026-07-03 at 4.43.50 PM

4 करोड़ की सड़क पर कांग्रेस का हल्ला बोल, नौरोजाबाद में रैली निकालकर किया जोरदार प्रदर्शन

घटिया निर्माण, टेंडर शर्तों के उल्लंघन और भ्रष्टाचार के लगाए गंभीर आरोप, उच्च स्तरीय जांच की मांग

नौरोजाबाद (उमरिया) | संवाददाता : बाल्मीकि यादव, जिला ब्यूरो

उमरिया जिले के नौरोजाबाद नगर पंचायत क्षेत्र में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता को लेकर गुरुवार को कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पानी टंकी चौराहा से इंदिरा पार्क होते हुए नगर पंचायत कार्यालय तक ‘हल्ला बोल’ रैली निकाली और धरना-प्रदर्शन कर सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि करीब 2 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण में टेंडर की शर्तों और निर्धारित तकनीकी मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। उनका कहना था कि निर्माण कार्य में घटिया गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है तथा सामग्री का मिश्रण भी तय मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा, जिससे सड़क की मजबूती और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मशीनों की जगह मजदूरों से कराया जा रहा निर्माण

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि टेंडर के अनुसार सड़क निर्माण आधुनिक मशीनों से कराया जाना था, लेकिन अधिकारियों और ठेकेदार की कथित मिलीभगत से मशीनों के बजाय मजदूरों से निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही निर्माण कार्य रात के समय किए जाने पर भी सवाल उठाते हुए कहा गया कि इससे गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका बढ़ जाती है।

निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सड़क निर्माण की तकनीकी जांच नहीं कराई गई तो करोड़ों रुपये की यह परियोजना भविष्य में जनता के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। उन्होंने मांग की कि पूरे निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे शामिल

प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय कॉल, संगठन महामंत्री पुष्पराज सिंह, जिला पंचायत सदस्य सावित्री सिंह, संजय अग्रवाल, रमेश सिंह परस्ते, अशोक मिश्रा, वीरेंद्र सिंह सेंगर, मिथलेश राय, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अम्बुज सिंह, विक्रम सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *