राज्यपाल रमेन डेका ने किया लाल चंदन का पौधारोपण, पर्यटन डायरी और ब्रोशर का किया विमोचन
कोरिया, 26 मार्च 2025।
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका आज अपने एक दिवसीय दौरे पर कोरिया जिले के बैकुंठपुर पहुंचे। रेलवे स्टेशन पर कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक श्री रवि कुमार कुर्रे, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। यह राज्यपाल का कोरिया जिले का पहला आधिकारिक दौरा था, जिसे लेकर जिलेभर में उत्साह का माहौल रहा।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लगाया पौधा
अपने दौरे की शुरुआत में राज्यपाल श्री डेका ने कलेक्ट्रेट परिसर में लाल चंदन का पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संतुलन और हरियाली बनाए रखने का संदेश दिया और उपस्थित लोगों को अधिकाधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित किया।
पर्यटन ब्रोशर और डायरी का विमोचन
इस अवसर पर राज्यपाल ने जिले के पर्यटन पर आधारित डायरी और ब्रोशर का विमोचन किया। इस डायरी में कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी द्वारा जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों और पक्षी जीवन की सुंदर तस्वीरें शामिल की गई हैं, जिसे देखकर राज्यपाल ने प्रशंसा की और इसे जिले की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करने का उत्कृष्ट प्रयास बताया।
महिला सशक्तिकरण की सराहना
राज्यपाल ने महिला स्व सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विशेष रूप से ‘कोरिया मोदक लड्डू’ स्टॉल का निरीक्षण किया, जो गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्यवर्धक माना जाता है। उन्होंने इस नवाचार की सराहना करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहित किया। इसके साथ ही कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा तैयार ‘सोनहत शहद’ का भी शुभारंभ किया।
संस्कृति और प्रशासनिक गतिविधियों से रूबरू
राज्यपाल का स्वागत छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य के माध्यम से किया गया। इसके पश्चात उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा तैयार एजेंडा प्रेजेंटेशन देखा और जिले के विकास कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने उन्हें जिले की विशेषताओं और चुनौतियों से भी अवगत कराया।
विकास को मिलेगी नई गति
राज्यपाल का यह दौरा जिले में पर्यटन विकास, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। जिलेवासियों को उम्मीद है कि इस दौरे से कोरिया जिले के सर्वांगीण विकास को नई गति मिलेगी।
More Stories
बांदा: गौ रक्षा समिति के तत्वाधान में पत्रकार सम्मान समारोह एवं जिला कार्यालय का हुआ भव्य उद्घाटन
राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी ने लखीमपुर खीरी में की जनसुनवाई और निरीक्षण
जालौन में “नेशनल मिशन ऑन एडिबिल ऑयल” योजना पर समीक्षा बैठक, तिलहन उत्पादन बढ़ाने पर ज़ोर