April 18, 2025

AajtakLive24/BreakingNews/HindiNews/TodayNews/LatestNews/

Aajtaklive24, Aajtak, Hindi News, Hindi Samacha, Breaking News, r

गैस सिलेंडर की महंगाई और सीएम रेखा गुप्ता की टिप्पणी के खिलाफ समाजवादी पार्टी महिला सभा का जोरदार प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Share करें

अमेठी: गैस सिलेंडर की महंगाई और सीएम रेखा गुप्ता की टिप्पणी के खिलाफ समाजवादी पार्टी महिला सभा का जोरदार प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

अमेठी। देशभर में बढ़ती महंगाई के खिलाफ आवाज़ उठाते हुए समाजवादी पार्टी की महिला सभा ने बुधवार को अमेठी में एक बड़ा प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में ₹50 की बढ़ोतरी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ की गई अशोभनीय टिप्पणी को लेकर नाराज महिला कार्यकर्ताओं ने एसडीएम आशीष सिंह को ज्ञापन सौंपा।

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व सपा महिला सभा की जिला अध्यक्ष गुंजन सिंह ने किया। कार्यकर्ता हाथों में प्रतीकात्मक चूल्हा और गैस सिलेंडर लेकर उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचीं और जमकर नारेबाजी की। “महंगाई हटाओ – जनता को राहत दिलाओ”, “रेखा गुप्ता माफी माँगो” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार पर जनता के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

महंगाई से त्रस्त जनता, रसोई पर असर

ज्ञापन में सपा महिला सभा ने घरेलू गैस की बढ़ी हुई कीमतों को आम जनता पर सीधा हमला बताया। उन्होंने कहा कि पहले ही महंगाई से त्रस्त जनता को अब रसोई के बजट को संभालना मुश्किल हो गया है। गुंजन सिंह ने कहा कि हर महीने महंगाई के नए रिकॉर्ड टूट रहे हैं और सरकारें आंख मूंदे बैठी हैं। उन्होंने मांग की कि बढ़ी हुई गैस कीमतों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए, अन्यथा सपा महिला सभा पूरे जिले में उग्र आंदोलन करेगी।

रेखा गुप्ता की टिप्पणी पर गुस्सा, माफी की मांग

प्रदर्शन का दूसरा बड़ा मुद्दा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की टिप्पणी रही, जिसमें उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया था। इस पर नाराजगी जताते हुए महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक मुख्यमंत्री को ऐसी भाषा शोभा नहीं देती और इससे न केवल लोकतांत्रिक मर्यादाएं टूटती हैं बल्कि विपक्ष के सम्मान को भी ठेस पहुंचती है।

गुंजन सिंह ने कहा, “मुख्यमंत्री को अपनी अमर्यादित टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो समाजवादी कार्यकर्ता प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।”

प्रदर्शन में भारी संख्या में जुटीं कार्यकर्ता

इस विरोध कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेश मिश्र, महिला कार्यकर्ता राजकुमारी, प्रतिमा, सुदामा, दयावती, अनीता यादव, सुनीता वर्मा, रीता शर्मा सहित कई महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं। सभी ने एक स्वर में केंद्र व दिल्ली सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई और भविष्य में भी जनहित से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की बात कही।

प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा लेकिन पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में नजर आया। एसडीएम आशीष सिंह ने ज्ञापन प्राप्त कर उसे उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

महिला सभा के इस प्रदर्शन से यह स्पष्ट हो गया है कि समाजवादी पार्टी महंगाई और जनभावनाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार को कटघरे में खड़ा करने के लिए पूरी तरह तैयार है। आने वाले दिनों में इस आंदोलन के और तेज होने के आसार हैं।