सम्पूर्णा नगर/लखीमपुर खीरी। भारत-नेपाल सीमा से सटे गांवों के विकास और सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 39वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने गुरुवार को वाइब्रेंट ग्राम भूपनगर में नागरिक कल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया। सीमा चौकी हंसनगर के अंतर्गत पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को सामुदायिक उपयोग की सामग्री वितरित की गई, वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्थानीय नागरिकों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 39वीं वाहिनी के कमांडेंट रबीन्द्र कुमार राजेश्वरी ने ग्राम प्रधान को सामुदायिक उपयोग के लिए बड़े भोजन पकाने के बर्तन, कॉटन दरी, तिरपाल सहित अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की। उन्होंने कहा कि इन संसाधनों का उपयोग पूरे गांव के हित में किया जाए तथा इनके रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग लंबे समय तक इसका लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम के दौरान मधुमक्खी पालन, सिलाई, काष्ठ शिल्प और कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले ग्रामीणों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कमांडेंट ने कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे युवाओं को स्वरोजगार अपनाने और अपने कौशल को विकसित करने की प्रेरणा मिलती है।
इसके बाद आयोजित बैठक में ग्रामीणों और एसएसबी अधिकारियों के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कौशल विकास, नशा मुक्ति तथा भारत-नेपाल सीमा पर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। कमांडेंट ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल एसएसबी या संबंधित एजेंसियों को सूचित करें।
ग्रामीणों ने एसएसबी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी नियमित रूप से नागरिक कल्याण कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।
कार्यक्रम में वाहिनी के अधिकारी, जवान, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्टिंग : दीप सिंह (तहसील रिपोर्टर )