महिला सशक्तिकरण की नई उड़ान: लखीमपुर में ‘आकांक्षा स्टोर’ का भव्य शुभारंभ
लखीमपुर खीरी, 10 मार्च। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल की अभिनव पहल के तहत महिला उद्यमिता और आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए “आकांक्षा स्टोर” की स्थापना की गई। इस स्टोर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ. रश्मि सिंह, आयुक्त लखनऊ मंडल डॉ. रोशन जैकब, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा और सीडीओ अभिषेक कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
महिला उद्यमिता को नया मंच
यह स्टोर स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिलाओं के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करेगा, जहां वे अपने उत्पादों को बेचकर आत्मनिर्भर बन सकेंगी। उद्घाटन समारोह में छह उत्कृष्ट महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने कौशल और मेहनत से अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा स्थापित की है।
“महिलाओं के सपनों को देगा पंख” – डॉ. रश्मि सिंह
आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ. रश्मि सिंह ने कहा कि यह स्टोर महिलाओं को अपने उत्पादों को उचित बाजार और सही मूल्य दिलाने में मदद करेगा। उन्होंने आकांक्षा समिति की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
“आकांक्षा स्टोर क्रांतिकारी पहल” – आयुक्त लखनऊ मंडल
आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने कहा कि आकांक्षा स्टोर केवल एक बाजार नहीं, बल्कि महिला उद्यमिता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला मंच है। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि स्टोर का संचालन “विकास प्रेरणा संकुल स्तरीय समिति” (CLF) द्वारा किया जाएगा, जिससे महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक मजबूती मिलेगी।
महिला स्वावलंबन की नई मिसाल
इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह की छह महिलाओं – सावित्री देवी (नकहा), शफीका (बांकेगंज), गीता देवी (फूलबेहड़), कौशल्या देवी (पलिया), तबस्सुम (मोहम्मदी) और रिशू वर्मा (लखीमपुर) को सम्मानित किया गया। इन महिलाओं ने हस्तशिल्प, बुनाई, मसाला निर्माण, सिलाई और गोबर से उत्पाद बनाने जैसे कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
सेल्फी स्पॉट बना आकांक्षा स्टोर, अतिथियों ने किया पौधरोपण
कार्यक्रम में आकांक्षा स्टोर का लोगो सेल्फी स्पॉट आकर्षण का केंद्र बना। डॉ. रश्मि सिंह, डॉ. रोशन जैकब, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी संकल्प शर्मा ने यहां सेल्फी ली और परिसर में फलदार व औषधीय पौधों का रोपण किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एसडीएम श्रद्धा सिंह ने किया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख दिव्या सिंह, एडीएम संजय कुमार सिंह, डीसी एनआरएलएम जितेंद्र कुमार सिंह, आकांक्षा समिति की संयुक्त सचिव नमिता श्रीवास्तव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आकांक्षा स्टोर महिलाओं के आत्मनिर्भरता के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो भविष्य में प्रदेशभर के महिला समूहों के लिए प्रेरणा बनेगा।
More Stories
वक्फ बोर्ड भोपाल में भव्य रोज़ा इफ्तार: आगर मालवा जिले की टीम ने दी गरिमामयी उपस्थिति
एक्शन में एसडीएम मऊरानीपुर! स्कूल और आंगनबाड़ी का औचक निरीक्षण, लापरवाह शिक्षकों पर कसा शिकंजा
भाजपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, राजकुमार शर्मा और नेमचंद मौर्य को मिली कमान